त्रिपुरा में 6 साल की बच्ची से कथित रेप के आरोप में नाबालिग अरेस्ट

0

अगरतला। त्रिपुरा के खोवाई ज़िले में रविवार शाम को एक 14 साल के किशोर को छह साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में हिरासत में लिया गया। आरोपी किशोर 9वीं क्लास का छात्र है।

बताया जा रहा है कि शनिवार को तेलियामुरा थाना के पास के इलाके में जब बच्ची के माता-पिता घर पर नहीं थे, तब वह छात्र बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पुलिस ने बताया कि इस घटना का पता शनिवार रात को चला, जब बच्ची को बहुत ज़्यादा दर्द हुआ और उसने अपनी मां को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया।

जैसे ही इस घटना की खबर फैली, स्थानीय लोगों ने उस लड़के को ढूंढ निकाला और पुलिस के आने तक उस पर हमला करते रहे। पीड़ित बच्ची के परिवार ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉस्को) के तहत मामला दर्ज किया गया।

समुदाय के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने इलाके में विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी लड़के के लिए जल्द से जल्द सुनवाई और कड़ी सज़ा की मांग की।