कोटा/बारां। राजस्थान में बारां जिले के पलायथा ठिकाने के पूर्व विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पलायथा के राजपरिवार के प्रमुख विजय सिंह पलायथा का गुरुवार को कोटा स्थित उनके आवास मोहन निवास पर निधन हो गया। वह 93 वर्ष के थे।
पलायथा का अंतिम संस्कार शुक्रवार को उनके पैतृक गांव पलायथा में उनके परिजन, रिश्तेदारों और समर्थकों की मौजूदगी में किया गया। उनके अंतिम संस्कार में राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार सहित भाजपा के कई नेता उपस्थित थे।
पलायथा के पार्थिव शरीर को शुक्रवार दोपहर पलायथा पैलेस में लाया गया, जहां लोगों ने अंतिम दर्शन करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके पलायथा स्थित सार बाग में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान काफी संख्या में ग्रामवासी एवं आसपास क्षेत्र के लोग भी शामिल हुए।
पलायथा ने वर्ष 1993 में कोटा जिले की दीगोद विधानसभा सीट से विधायक के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। वह बारां जिले में अंता पंचायत समिति के प्रधान और पलायथा के सरपंच भी रहे। जनसंघ की स्थापना के समय वह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर भी रहे और उन्होंने पार्टी के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। वर्तमान में उनके पौत्र अनूप सिंह ग्राम पंचायत पलायथा के सरपंच हैं। पलायथा के निधन पर भाजपा सहित कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक जताया है।



