गोवा में नाइट क्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत, 6 घायल

पणजी। गोवा के उत्तरी इलाके आरपोरा में बने बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब में भीषण आग लगने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से इसकी पुष्टि की। उन्होंने लिखा कि आरपोरा में हुए दुखद आग हादसे पर मेरी पूरी नज़र है। इस घटना में 25 लोगों की मौत हुई है और 6 लोग घायल हैं। सभी घायल अभी स्थिर हैं और उन्हें बेहतर उपचार दिया जा रहा है। घटना के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि आग लगने से पहले के क्षणों का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि कैसे आग की लपटों ने कुछ ही सेकंडों में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया जिससे अंदर मौजूद कलाकारों और कर्मचारियों में भगदड़ मच गई थी।

वीडियो में छत से आग की लपटें निकलते हुए दिखाई दे रही हैं। इसके तुरंत बाद डांसर और अन्य कर्मचारी मौके से भागते नजर आ रहे हैं। थोड़ी ही देर में धुएं से पूरा स्थान भर गया। वीडियो में कोई भी अग्नि-सुरक्षा प्रणाली सक्रिय होती हुई दिखाई नहीं देती है।

पुलिस ने बताया कि यह आग सिलेंडर फटने से लगी। गोवा पुलिस नियंत्रण कक्ष को रात 12:04 बजे आपातकालीन कॉल मिली, जिसके बाद बचाव दल तुरंत मौके पर भेजे गए। पुलिस महानिदेशक ने पुष्टि की कि आग पर काबू पा लिया गया है और सभी शव घटनास्थल से बरामद कर लिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने देर रात नाइटक्लब का दौरा किया। उन्होंने बताया कि मरने वालों में अधिकांश लोग रसोई कर्मचारी थे, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं, जबकि तीन से चार पर्यटक भी मारे गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शुरुआती जांच में अग्नि सुरक्षा नियमों के अनुपालन में गंभीर खामियां सामने आई हैं। उन्होंने क्लब प्रबंधन और नियमों के उल्लंघन के बावजूद संचालन की अनुमति देने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

गोवा के राज्यपाल अशोक गजपति राजू ने गोवा मेडिकल कॉलेज के दौरे के दौरान संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि यह एक बुरी घटना है, उन्हें चिकित्सकीय मदद मिल रही है। हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि वे सभी ठीक हो जाएं। मुख्य सचिव ने मुझसे कहा है कि इससे संबंधित वे सभी विभागों की समीक्षा करेंगे। यह परेशान करने वाली बात है।

गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खाउंटे ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यहां जो घटना हुई वह बहुत दुखद है। ऐसी सभी जगहों पर सही तरीके से नियमों का पालन होना चाहिए। हम पीड़ितों के परिवारों के साथ खड़े हैं। हम यह भी पक्का कर रहे हैं कि सरकार उनके परिवारों की मदद करने की पूरी कोशिश कर रही है। ये घटनाएं गोवा जैसी जगह पर नहीं होनी चाहिए, खासकर जिस तरह से यह हुआ है। गोवा के स्वास्थ्य सचिव यतींद्र मरालकर ने कहा कि पांच मरीज़ मामूली रूप से जख्मी हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रधानमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिवार को दो लाख रूपए तथा घायलों को पचास-पचास हजार रुपए की राशि देने की घोषणा की है।

बागडे एवं भजनलाल ने आग हादसे पर जताया दुख

जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गोवा के अरपोरा में आग लगने से हुए हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

बागडे ने ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की।

शर्मा ने कहा कि गोवा के अरपोरा में हुई अग्निकांड की दुखद घटना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने व्यक्त किया शोक

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गोवा के अरपोरा इलाके में हुई भीषण आग दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर आज पोस्ट साझा करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएँ प्रकट कीं।

मुख्यमंत्री ने लिखा कि दुर्घटना अत्यंत दुखद है और जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। उन्होंने ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन घड़ी से उबरने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की संवेदनाएं गोवा के भाई-बहनों के साथ हैं।