पाली/ब्यावर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने शुक्रवार को ब्यावर जिले में रायपुर थाने की पिपलिया कला पुलिस चौकी के चौकी प्रभारी एवं सहायक पुलिस उपनिरीक्षक भागाराम को एक मामले में एफआर लगाने की एवज में एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी पाली द्वितीय को परिवादी ने शिकायत की कि उसके पिता के खिलाफ रायपुर थाने में दर्ज मुकदमे में एफआर लगाने की एवज में चौकी प्रभारी रिश्वत की मांग कर रहा है।
इस पर ब्यूरो पाली द्वितीय के प्रभारी खींव सिंह एवं टीम के द्वारा रिश्वत राशि मांग सत्यापन कराया जाकर शुक्रवार को ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी भागाराम को परिवादी से एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथो गिरफ्तार कर लिया गया। ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ तथा अग्रिम कार्रवाई जारी है।



