जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की।
देवनानी ने नई दिल्ली में नबीन से मुलाकात की। इस अवसर पर देवनानी ने नबीन से राजस्थान के संगठनात्मक विषयों, वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य तथा विधानसभा से जुड़े विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की।
उन्होंने नबीन को नई जिम्मेदारी ग्रहण करने पर बधाई दी और कर्म प्रधान श्रीमद् भागवत गीता की प्रति भेंट कर उन्हें पार्टी संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा राष्ट्र निर्माण के कार्यों को नयी गति दिये जाने के लिए शुभकामनाएं दी।
इस दौरान देवनानी ने राजस्थान विधानसभा में उनके कार्यकाल के दौरान किए गए विभिन्न नवाचारों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि विधानसभा की कार्यवाही को अधिक पारदर्शी, तकनीक-सक्षम और जनोन्मुखी बनाने के लिए अनेक सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं। इससे लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक मजबूती मिली है तथा आमजन का विश्वास विधायिका में सुदृढ़ हुआ है।
देवनानी ने नबीन से राजस्थान के समग्र विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी दृष्टिकोण पर भी चर्चा की। नबीन ने देवनानी के लंबे संसदीय अनुभव, लोकतांत्रिक परंपराओं के संरक्षण तथा राजस्थान विधानसभा में किए गए नवाचारों को प्रशंसनीय पहल बताया।



