पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन के मंगलवार को पटना आगमन पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। स्टेट हैंगर पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उनका अभिनंदन किया, जिसके बाद पटना एयरपोर्ट से बेली रोड होते हुए मिलर हाई स्कूल ग्राउंड तक विशाल रोड शो का आयोजन किया गया।
रोड शो में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, सांसद डॉ संजय जायसवाल, मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल, दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान नितिन नवीन रथ पर सवार होकर समर्थकों का अभिवादन करते नजर आए। उन्होंने राजवंशी नगर स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना भी की, जहां भाजपा कार्यकर्ता भारी उत्साह के साथ जय श्रीराम के नारे लगाते देखे गए।
समर्थकों ने जेसीबी से फूलों की बारिश कर माहौल को उत्सवमय बना दिया। सड़क पर हाथी और घोड़ों पर सवार भाजपा समर्थक दौड़ लगाते रहे। कई जगहों पर सड़क किनारे बने मंच पर बच्चियों ने पारंपरिक नृत्य के जरिये पार्टी के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का स्वागत किया। एयरपोर्ट से लेकर मिलर हाई स्कूल ग्राउंड तक बैनर और पोस्टरों से पूरा इलाका भाजपा के रंग में रंगा नजर आया।
इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इसे भाजपा, देश और बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणादायक दिन बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की स्थापना के आसपास ही नितिन नवीन का जन्म हुआ था, जो एक ऐतिहासिक संयोग है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में नितिन नवीन के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा पूरी ताकत के साथ जुटी हुई है।



