चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार प्रदेश को विकास के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। नव वर्ष में इस अभियान को और गति दी जाएगी तथा सरकार अंत्योदय के तीन मूल मंत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित करेगी।
मुख्यमंत्री सैनी गुरुवार को चंडीगढ़ में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा भी उपस्थित रहे। सैनी ने बताया कि सरकार का पहला लक्ष्य महिला सशक्तीकरण है। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। अब तक करीब आठ लाख महिलाओं को दो किस्तों में 250 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है। उन्होंने पात्र महिलाओं से योजना में पंजीकरण कर लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि दूसरा लक्ष्य युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराना है। इसके लिए 2026 तक का ड्रिवन रोडमैप तैयार किया गया है। गुरुग्राम और पंचकूला में हरियाणा एआई मिशन केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स जैसी भविष्य की तकनीकों में प्रशिक्षित किया जाएगा। साथ ही पुलिस विभाग में 5500 कांस्टेबल पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि तीसरा लक्ष्य प्रकृति के अनुकूल खेती को बढ़ावा देना है। धान के स्थान पर वैकल्पिक फसलों की खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा तथा एक लाख एकड़ भूमि को प्राकृतिक खेती के अंतर्गत लाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर को तेजी से पूरा करना भी सरकार की प्राथमिकता है। इस परियोजना से एनसीआर क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, ट्रैफिक का दबाव कम होगा और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय विकास और बुनियादी सुविधाओं में सुधार के उद्देश्य से कुंजपुरा (करनाल), मतलौडा (पानीपत) और शहजादपुर (अंबाला) को नगर पालिका का दर्जा दिया गया है। इस अवसर पर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



