फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के नारखी क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार छह वर्षीय मासूम का अंतिम संस्कार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कर दिया गया।
थाना नारखी क्षेत्र के गांव शाहपुर निवासी युवक सोनू सिकंदराबाद में काम करता था और पास में किराए के मकान में परिवार सहित रहता था। उसके अनुसार शुक्रवार को उसकी छह वर्षीय बेटी ऊपर खेलने गई मगर वापस नहीं आई। उसकी मां के द्वारा छानबीन की गई तो बेटी का पता नहीं लगा। बाद में पड़ोसी ने बताया कि उसकी बेटी को ऊपर छत से नीचे फेंका गया है।
मौके पर एकत्रित हुई भीड़ के बाद पिता भी मौके पर पहुंचा और थाना पुलिस के द्वारा बालिका के शव को लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बालिका के पिता ने थाना सिकंदराबाद में उसी मकान पर किराए पर रहने वाले दो युवक राजू निवासी जनपद बलरामपुर तथा वीरू निवासी जनपद लखीमपुर के खिलाफ बेटी के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया गया।
बालिका की मां ने बताया कि बेटी की चप्पल आरोपी के कमरे से मिली है। बालिका का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए और रास्ता जाम कर दिया। ग्रामीणों में आक्रोश की जानकारी होने पर सर्कल के सीओ और एसपी सिटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने ग्रामीणों को समझाया और जानकारी देते हुए उन्हें बताया कि आरोपी राजू और बीरु को सिकंदराबाद पुलिस द्वारा शुक्रवार रात में हाफ एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीणों को अधिकारियों ने समझाने के बाद पुलिस अभिरक्षा में बालिका के शव का अंतिम संस्कार कराया गया।



