गाय से रेप के बाद बैतूल के दामजीपुरा में हिंसा, भारी पुलिस बल तैनात

4

बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के दामजीपुरा गांव में पशु के साथ दुष्कर्म का कथित वीडियो वायरल होने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते हिंसा भड़क उठी। रविवार को हुए इस मामले में गांव के बाजार में कई दुकानें बंद रहीं। कुछ स्थानों पर आगजनी और तोड़फोड़ के निशान मिले। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और कुछ प्रदर्शनकारियों ने दुकानों, वाहनों और घरों में तोड़फोड़ व आगजनी की। एक महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस बाद में मौके पर पहुंची, हालांकि प्रशासन ने स्थिति पर जल्द नियंत्रण की बात कही है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी को सुबह करीब 9.30 बजे हिरासत में ले लिया गया था, लेकिन सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के चलते स्थिति बिगड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी वीरेंद्र जैन, प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन, आईजी मिथिलेश कुमार और डीआईजी प्रशांत खरे ने देर रात गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया। इलाके में एसडीओपी और चार थाना प्रभारी भी कैंप कर रहे हैं।

एसपी श्री जैन ने बताया कि फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए करीब सौ पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। जिनके घर या दुकानें क्षतिग्रस्त हुई हैं, उनका सर्वे कराया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पशु से दुष्कर्म मामले में आरोपी गिरफ्तार, हालात काबू में

बैतूल जिले के दामजीपुरा गांव में एक पशु से दुष्कर्म से जुड़े कथित वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसी बीच कल यहां साम्प्रदायिक तनाव की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक महेंद्र सिंह चौहान सहित प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिला पंचायत सीईओ व प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन, एसडीएम और तहसीलदार ने गांव में मंदिर परिसर में ग्रामीणों से बैठक कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं और एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि 1 फरवरी को फरियादी चंचल सिंह राजपूत (29) ने थाना मोहदा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि ग्राम दामजीपुरा में एक व्यक्ति द्वारा गाय के साथ अमानवीय कृत्य किया गया है, जिसका वीडियो भी सामने आया है।

रिपोर्ट के आधार पर आरोपी हबीब पिता यूसुफ खान (50) निवासी ग्राम दामजीपुरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।