हनुमानगढ़ में पिता और उसके दो पुत्रों की डिग्गी में डूबने से मौत

1

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के संगरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को रासूवाला गांव में तालाब (डिग्गी) में डूबने से एक व्यक्ति और उसके दो पुत्रों की मौत हो गई।

पुलिस सू्त्रों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार शाम को गुरदीपसिंह कुम्हार सिख (45) अपने दोनों पुत्रों लखविंदर सिंह (20) और राजविंदर सिंह (16) के साथ अपने खेत में फसल पर कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहा था।

छिड़काव के दौरान पानी की जरूरत पड़ी, तो इनमें से एक पास के खेत में बनी डिग्गी से पानी लेने गया। दुर्भाग्यवश वह डिग्गी में गिर गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में बाकी दोनों भी डिग्गी में कूद पड़े, लेकिन तीनों ही डूब गए।

थाना प्रभारी अमरसिंह ने बताया कि ये तीनों रात होने पर घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश की और खेत पहुंचे। वहां तीनों नजर नहीं आए तो उन्होंने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की। अंत में पास के खेत में बनी डिग्गी पर जाकर देखा जहां तीनों के शव पानी में तैरते हुए मिले।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना रात करीब 10 बजे मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। गांव वालों की मदद से तीनों शव डिग्गी से बाहर निकाले गए और उन्हें संगरिया के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। आज सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।