पन्ना में लुटेरी दुल्हन गैंग का पर्दाफाश, दो आरोपी अरेस्ट

0

पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गैंग का पर्दाफाश करते हुए शादी के नाम पर 1.60 लाख रुपए की ठगी करने वाले गिरोह के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 20 हजार रुपए नकद जप्त किए गए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार फरियादी अनंतराम चौरसिया, निवासी मोहन्दा, थाना सिमरिया ने 4 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने उसे शादी कराने का झांसा देकर उससे 1 लाख 60 हजार रुपए ठगीपूर्वक वसूल लिए। आरोपियों ने उसकी शादी बांदकपुर मंदिर में एक युवती से कराई, लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद उक्त युवती शादी में मिले सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान लेकर फरार हो गई।

फरियादी की शिकायत पर थाना सिमरिया में अपराध क्रमांक 010/26, धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान इस संगठित ठगी गिरोह में शामिल गुड्डू गौतम निवासी करिया और सुदामा प्रसाद तिवारी निवासी करिया, थाना सिमरिया को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों और फरार महिला आरोपी की तलाश जारी है। साथ ही गिरोह की गतिविधियों, अन्य संभावित पीड़ितों तथा पूर्व में इसी तरह की ठगी की घटनाओं की भी विस्तृत जांच की जा रही है।