दुनिया भर में आलीशान होटलों में तब्दील हो गई कई जेल

0

नई दिल्ली। कभी कठोर अनुशासन, संकरी कोठरियों और साधारण भोजन के लिए पहचानी जाने वाली जेलें अब दुनिया के कुछ हिस्सों में विलासिता, आराम और विरासत पर्यटन की अनूठी मिसाल बनती जा रही हैं। विरासत इमारतों को होटल के रूप में पुनर्जीवित करने की प्रवृत्ति के तहत कई ऐतिहासिक जेलों को पंचतारा और बुटीक होटलों में बदला जा रहा है।

इस कड़ी में जापान के नारा शहर की पूर्व किशोर जेल एक नया आकर्षण बनने जा रही है। मेइजी काल में 1908 में स्थापित यह जेल 2017 तक कार्यरत रही और बाद में इसे राष्ट्रीय महत्वपूर्ण सांस्कृतिक संपत्ति घोषित किया गया। अब एक प्रतिष्ठित जापानी होटल ब्रांड इसे जून 2026 में ऑल-सूट होटल के रूप में खोलने जा रहा है। प्रत्येक सुइट के लिए नौ से 11 पुरानी कोठरियों को मिलाया गया है, जबकि पूर्व निरोध विंग में जापानी-फ्रेंच रेस्तरां होगा। परिसर में नारा प्रिजन म्यूज़ियम भी खोला जाएगा, जहां आगंतुक इस इमारत के इतिहास और वास्तुकला से रूबरू हो सकेंगे।

नारा जेल ऐसा पहला कारावास नहीं है जिसे होटल में बदला गया हो, बल्कि पूरी दुनिया में यह चलन बढ़ता हुआ दिख रहा है। तुर्किये के इस्तांबुल में स्थित सुल्तानाहमेत क्षेत्र की एक पूर्व जेल आज फोर सीज़न्स होटल के रूप में दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित होटलों में गिनी जाती है।

सन् 1918 में तुर्की नवशास्त्रीय शैली में निर्मित यह भवन 1969 तक जेल रहा, जहां अधिकतर लेखक, पत्रकार और बुद्धिजीवी बंद रहे। बाद में इसका व्यापक जीर्णोद्धार कर 1996 में इसे होटल के रूप में खोला गया। आज यहां 65 भव्य कमरे, स्पा, हम्माम और कई रेस्तरां हैं, जबकि बाहरी स्वरूप और कुछ पत्थर-मरमर संरचनाएं इसके अतीत की झलक देती हैं।

जर्मनी के ऑफेनबुर्ग में स्थित होटल लिबर्टी की कहानी भी कम रोचक नहीं है। सन् 1840 के दशक में बने इस भवन में 1848 की असफल बाडेन क्रांति के राजनीतिक कैदी रखे गये थे। सन् 2017 में इसे होटल के रूप में पुनः खोला गया। यहां 38 सुइट्स हैं और हर कमरे के पास प्रतीकात्मक रूप से पुराना सेल दरवाज़ा लगाया गया है। होटल का रेस्तरां ‘वासर एंड ब्रोट’ (पानी और रोटी) नाम से जाना जाता है, जो कैदियों के पारंपरिक भोजन की याद दिलाता है।

सन् 1851 में स्थापित हुई अमरीका के बोस्टन शहर की चार्ल्स स्ट्रीट जेल आज द लिबर्टी होटल के नाम से मशहूर है। सन् 1990 तक जेल रहने के बाद 2007 में इसे होटल में बदला गया। इसकी विशाल रोशन एट्रियम, लोहे की जालियां और कुछ संरक्षित कोठरियां अब भी मौजूद हैं। कभी कैदियों का व्यायाम स्थल रहा आंगन आज खूबसूरत आंगन-उद्यान में बदल चुका है।

कुख्यात अपराधियों का ठिकाना रही ऑस्ट्रेलिया में मेलबर्न की पेंट्रिज जेल अब एक आधुनिक परिसर में तब्दील हो चुकी है। इसकी बी डिवीजन इमारत में द इंटरल्यूड नामक बुटीक होटल है, जिसमें 19 सुइट्स हैं। चार-पांच कोठरियों को मिलाकर बने इन कमरों में मूल पत्थर की संरचना को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाएं जोड़ी गयी हैं। होटल खुद को दुनिया का पहला अर्बन वेलनेस रिट्रीट इन अ कन्वर्टेड प्रिजन बताता है।

विशेषज्ञों के अनुसार विरासत इमारतों को संरक्षित रखते हुए उन्हें पर्यटन के लिए उपयोग में लाना न केवल ऐतिहासिक संरक्षण को बढ़ावा देता है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देता है। पूर्व जेलों का यह नया अवतार इस बात का प्रमाण है कि समय के साथ स्थानों की पहचान बदल सकती है। जहां कभी कैद थी, वहां अब सुकून और विलासिता है।