सर्दी का मौसम हो और कुछ गरम तासीर वाली टेस्टी मिठाई जैसी मजेदार चीज शॉट टाइम में बनकर तैयार हो जाए तो फिर क्या कहने। लिजिए लाजवाब स्वाद वाली कुछ मिठास वाली स्वीट डिश बनाएं औ परिवार के साथ खाएं।
तिल गुड़ रोल
एक कढ़ाई में 250 ग्राम धुले हुए तिल डालकर मध्यम आंच पर लगातार हिलाते हुए 3–4 मिनट तक भूनें। ठंडा होने पर आधे तिल को मिक्सी में पल्स मोड पर हल्का दरदरा पीस लें। मावे के 200 ग्राम को हल्का सेक लें और 250 ग्राम गुड़ को कद्दूकस कर डालें। मावे में गुड़, पिसा हुआ तिल और 1 चम्मच इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स करें। मिश्रण से नरम डो तैयार करें। बटर पेपर को 1–2 चम्मच घी से ग्रीस करें और डो को बेलन की मदद से बेलकर चौकोर आकार दें। ऊपर से 2 चम्मच बादाम और 2 चम्मच पिस्ता कतरन डालें और बटर पेपर की मदद से रोल बनाएं। रोल को थोड़े भुने तिल और पिस्ता में लपेटें। यदि चाहें तो 10 मिनट के लिए फ्रिज में सेट करें। सेट होने के बाद रोल को आधा-इंच के टुकड़ों में काट लें। यह हेल्दी, स्वादिष्ट और पोषण से भरपूर मिठाई 8–10 दिन तक सुरक्षित रहती है। संक्रांति के अवसर पर इसे बनाना एक स्वादभरी और हेल्दी विकल्प है।
तिल गुड़ टार्ट विद गाजर हलवा
टार्ट के लिए एक कढ़ाई में 1 प्याला तिल डालकर 3–4 मिनट तक भूनें। 1 प्याला गुड़ को 2–3 चम्मच देसी घी में डालकर सिर्फ पिघलने दें। फिर भुने तिल को उसमें मिलाएं और गैस बंद करें। तैयार मिश्रण को घी से ग्रीस की हुई टार्ट मोल्ड में डालकर बराबर फैलाएं। हल्का सेट होने दें। गाजर हलवा बनाने के लिए 1 किलो घिसी हुई गाजर को 3–4 चम्मच देसी घी में भूनें। इसमें 150 ग्राम मावा, ½ किलो दूध और 400 ग्राम चीनी डालकर गाढ़ा हलवा तैयार करें। हलवे को सेट हुए टार्ट में डालें और ऊपर से 8–10 पिस्ता तथा 5–7 बादाम कतरन और 4–5 इलायची पाउडर डालकर सजाएँ। टार्ट तैयार है। इसे फ्रिज में रखकर कुछ समय बाद परोसा जा सकता है।
हेल्दी रागी तिल बिस्कुट
100 ग्राम रागी आटे को 2–3 बार छान लें। ¾ प्याला घी या बटर और ¾ प्याला पाउडर शुगर को फेंटकर हल्का और फूलने तक तैयार करें। इसमें धीरे-धीरे रागी आटा मिलाएं। ¾ प्याला पिसा सफेद तिल, 1 चम्मच काला तिल और 2 चम्मच सफेद तिल डालकर गुठलियां न रहें, ऐसा आटा तैयार करें। जरूरत हो तो 1–2 चम्मच दूध मिलाएँ और 15–20 मिनट के लिए रख दें। मिश्रण से बिस्कुट आकार बनाकर तेल/घी लगी ट्रे में रखें। 180 डिग्री पर 18–20 मिनट बेक करें। ठंडा होने पर एयरटाइट कंटेनर में रखें। बिस्कुट गरम और ठंडा दोनों तरह से खाए जा सकते हैं और 1 महीने तक सुरक्षित रहते हैं। यह स्वास्थ्यवर्धक, क्रिस्पी और स्वादिष्ट विकल्प है।
आलमंड कैरेमल टॉफी विद तिल
पैन में 2–3 चम्मच तिल हल्का सुनहरा भूनें और प्लेट में निकालें। उसी पैन में 1 प्याला बादाम 4–5 मिनट तक भूनें। 2 चम्मच चीनी डालकर धीमी आंच पर सुनहरा कैरेमलाइज करें। गैस बंद कर 1 चम्मच देसी घी डालें और तुरंत भुने तिल में डालें। ऊपर से 4–5 पिस्ता कतरन डालकर अच्छे से मिक्स करें। ठंडा होने पर एयरटाइट कंटेनर में भरें। यह मीठा, क्रंची और हेल्दी टॉफी महीने भर तक सुरक्षित रहती है। इसे बच्चों और घर के सभी सदस्यों के लिए स्नैक के रूप में परोसा जा सकता है।
तिल-पिस्ता लड्डू
250 ग्राम तिल को मध्यम आंच पर 3–4 मिनट तक लगातार हिलाते हुए भूनें, ताकि वह हल्का सुनहरा और खुशबूदार हो जाए। 200 ग्राम गुड़ को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटें और 1 चम्मच घी के साथ एक कढ़ाई में डालकर धीमी आंच पर पिघलाएं। गुड़ पूरी तरह पिघलने के बाद गैस बंद कर दें। इसमें भुना हुआ तिल और ½ चम्मच इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिलाएं। मिश्रण हल्का ठंडा होने पर हाथों से लेकर छोटे-छोटे लड्डू बना लें। प्रत्येक लड्डू के ऊपर 2–3 पिस्ता कतरन सजाएं। यह लड्डू स्वादिष्ट होने के साथ-साथ ऊर्जा और पोषण से भरपूर हैं। बच्चे और बड़े दोनों इसे आसानी से खा सकते हैं। लड्डू को एयरटाइट कंटेनर में रखकर लगभग 7–8 दिन तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
तिल-चिया एनर्जी बार
100 ग्राम तिल और 2 चम्मच चिया सीड्स को मध्यम आंच पर 2–3 मिनट तक भूनें, ताकि हल्की खुशबू आए। इसी बीच 100 ग्राम गुड़ को 1 चम्मच घी में पिघलाएँ। पिघले गुड़ में भुने तिल और चिया मिलाएं और ½ चम्मच इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। मिश्रण को बटर पेपर पर फैला कर बेलन की मदद से 1 सेंटीमीटर मोटाई तक बेलें। इसे मनचाहे आकार के बार्स में काटें। तैयार बार्स को 10 मिनट के लिए फ्रिज में सेट करें। यह एनर्जी बार्स स्वादिष्ट होने के साथ-साथ हेल्दी, ऊर्जा से भरपूर और तुरंत खाया जा सकता है। इन्हें एयरटाइट डिब्बे में रखने से 7–10 दिन तक ताज़ा रहते हैं।
तिल-मावा रोल
200 ग्राम तिल को मध्यम आंच पर 3–4 मिनट तक भूनें। 150 ग्राम मावा और 100 ग्राम गुड़ को हल्का पिघलाएं। इसमें भुना हुआ तिल और ½ चम्मच इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स करें। मिश्रण से नरम डो तैयार करें और हाथों या बटर पेपर की मदद से रोल बनाएं। रोल के ऊपर 2–3 पिस्ता कतरन डालकर सजाएं। तैयार रोल को 10–15 मिनट के लिए फ्रिज में सेट करें। यह मिठाई स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पोषण और ऊर्जा से भरपूर है। छोटे बच्चों और वयस्कों दोनों के लिए यह हेल्दी स्नैक के रूप में परफेक्ट है।








