उदयपुर। राजस्थान में उदयपुर जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से एक गुजरात की महिला पर्यटक की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक महिला एवं उसके परिजन सोमवार दोपहर उदयपुर -पिंडवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर स्थित घसियार श्रीनाथजी मंदिर में दर्शन करके सडक पार कर रहे थे। इसी दौरान गोगुंदा की तरफ से आए बेकाबू ट्रेलर ने महिला को चपेट में ले लिया और महिला के शव के टुकड़े टुकड़े हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव महाराणा भूपाल सार्वजनिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया। पुलिस ने मामला दर्ज करके वाहन की तलाश शुरू की।



