श्रीगंगानगर में मोबाइल फोन देखने से रोका तो बहन-भाई ने घर छोड़ा

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर में कोतवाली थाना क्षेत्र में मोबाइल फोन देखने से रोके जाने पर बहन-भाई घर से लापता हो गए हैं।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि सेतिया कॉलोनी की गली नंबर 6 निवासी लक्की सोनी ने मामला दर्ज कराया है कि उसका भाई कुलजीत उर्फ निक्कू (21) और बहन पलक (20) गत पांच फरवरी की शाम को घर वालों को बिना कुछ बताएं कहीं चले गए। काफी तलाश करने पर भी उनका कुछ नहीं पता चला। उन्होंने अपने रिश्तेदारों और जानकारों के यहां पता लगाया, लेकिन वह कहीं भी नहीं पहुंचे।

पुलिस ने बताया कि परिवार वालों ने बताया कि कुलजीत और पलक अपना ज्यादातर समय मोबाइल पर बिताते थे। उनको अत्यधिक मोबाइल फोन देखने की लत लगी हुई थी। जब माता पिता ने इसके लिए टोकना शुरू किया तो वे नाराज हो गए। इसी नाराजगी के चलते हुए घर से कहीं चले गए।

पुलिस ने बताया कि कुलजीत और पलक अपने मोबाइल फोन भी घर पर छोड़ गए हैं। वे पिछले पांच दिनों से लापता हैं और अब तक उनका सुराग नहीं लगा है।