वाराणसी के होटल में हैदराबाद के भाई-बहन ने जहर खाकर की सुसाइड

2

वाराणसी/हैदराबाद। वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत परेड कोठी इलाके स्थित एक होटल के कमरे में मंगलवार को भाई-बहन के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। प्रारंभिक जांच में दोनों द्वारा जहर खाकर आत्महत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (काशी जोन) गौरव बंशवाल, सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज ईशान सोनी, प्रभारी निरीक्षक सिगरा संजय मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।

होटल प्रबंधन के अनुसार तीन दिन पूर्व दोनों ने होटल में कमरा लिया था। लंबे समय तक कमरे से कोई आवाजाही न होने पर संदेह हुआ। चेक-इन के समय दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद होटल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा खुलवाया, जहां दोनों अचेत अवस्था में मिले। चिकित्सकीय परीक्षण में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। कमरे से जहर की गोलियां बरामद हुई हैं।

पुलिस उपायुक्त गौरव बंशवाल ने बताया कि दोनों हैदराबाद के निवासी थे।आधार कार्ड में पिता का नाम समान होने से उनके भाई-बहन होने की पुष्टि हुई है। प्रथम दृष्टया मामला जहर खाकर आत्महत्या का प्रतीत होता है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।