अलवर में ट्रांसफॉर्मर चोरी की वारदातों का पर्दाफाश, आरोपी अरेस्ट

3

अलवर। राजस्थान में अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र में हुई ट्रांसफार्मर चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार करके उनसे करीब तीन क्विटल ताम्बा बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बुधवार को बताया कि आरोपियों में बलविन्द्र सिंह रायसिख (28), गुरविन्दर सिंह रायसिख (19), सोनू रायसिख (20) और हरजीत उर्फ रणजीत सिंह रायसिख (25) शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक की जांच में आरोपियों ने कई कारखानों में ट्रांस्फार्मर का सामान चोरी करने की बात कबूली है। उन्होंने बताया कि आरोपियों द्वारा क्षेत्र में रेकी करके वारदात को अंजाम दिया जाता था। आरोपियों से पूछताछ जारी है, चोरी की अन्य वारदातों को भी खुलासा होने की उम्मीद है।

डॉक्टर के घर चोरी के आरोप में महिला गिरफ्तार

अलवर के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक डॉक्टर के घर से जेवरात और सामान चोरी करने वाली नेपाल निवासी केयरटेकर महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि उससे करीब 35 लाख रुपए सोने चांदी के जेवरात का सामान बरामद किया गया है।

उन्होंने बताया कि शालीमार में निवासरत डॉ लवेश गुप्ता घर से बाहर गए हुए थे। लौटकर आये तो उन्हें कुछ सामान घर पर नहीं मिला, जिसकी कीमत लाखों रुपए में थी। डॉ लवेश ने इस संबंध में सदर थाना में मामला दर्ज कराया जिसमें केयरटेकर महिला पर संदेह व्यक्त किया।

पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज करके उक्त महिला से कड़ाई से पूछताछ की गयी तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसी दिन कुछ सामान भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने अब इस मामले में नेपाल निवासी पूनम को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से स्वर्णाभूषण बरामद किये हैं।