जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गुरुवार को एक निजी हॉस्पिटल के डाॅक्टर समेत दो लोगों पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के द्वारा चलाए जा रहे अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान के क्रम में जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र में एक महिला को पहले काम के बहाने बुलाया फिर चोरी का आरोप लगाकर सामूहिक दुष्कर्म जैसी घटना को अंजाम दिया गया।
महिला का आरोप कि चार फरवरी को अस्पताल के डाॅक्टर सरोज कुमार उर्फ संतोष कुमार यादव ने दो अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर उसे काम के बहाने अपने घर बुलाया। महिला ने बताया कि घर बुलाने के बाद उस पर चोरी का आरोप लगाया गया और फिर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़ित महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस मामले में पीड़ित महिला की शिकायत पर डाॅक्टर समेत तीन लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने गुरुवार को डॉक्टर सरोज कुमार उर्फ संतोष कुमार यादव और प्रिंस तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एक अन्य की तलाश जारी है।



