हनुमानगढ़ में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 46 लाख रुपए ठगने का आरोपी अरेस्ट

0

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले में साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि आरोपी ने मुंबई पुलिस की अपराध शाखा और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का नाम लेकर एक बुजुर्ग व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट की धमकी देकर उससे 46 लाख रुपए ऐंठ लिए थे। यह गिरफ्तारी चार महीने की लंबी जांच के बाद संभव हो पाई है। पुलिस अब आरोपी से ठगी की गई राशि बरामद करने के प्रयास में जुटी हुई है।

पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने आज बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामकिशोर सिहाग बिश्नोई (20) निवासी श्रीरामनगर सिहागों की ढाणी, पुलिस थाना जांबा, जिला फलोदी के रूप में हुई है। आरोपी को हनुमानगढ़ साइबर थाने की टीम ने गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि रामकिशोर के बैंक खाते में पिछले कुछ समय में पांच राज्यों से साइबर ठगी के करीब 65 लाख रुपए जमा हुए थे। इनमें से कुछ राशि हनुमानगढ़ जंक्शन के वार्ड नंबर 48, सावन कॉलोनी निवासी पीड़ित राजेश कुमार गौड़ (66) से ठगी गई 46 लाख रुपए की रकम का हिस्सा भी शामिल है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।