जयपुर में कार ट्रेलर के पीछे टकराई, मध्यप्रदेश के 5 लोगों की मौत

30

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के चौकसू थाना क्षेत्र में शनिवार को एक कार के ट्रक ट्रेलर से टकराने से एक महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मध्य प्रदेश से पांच लोग कार से जयपुर की ओर आ रहे थे। सुबह करीब साढ़े पांच बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पर टिगरिया मोड़ पर कार अचानक आगे जा रहे ट्रेलर के पीछे टकरा गई, इससे कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को अस्पताल भिजवाया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि संभवत: चालक को झपकी आने की वजह से हादसा हुआ।
घटना के बाद राजमार्ग पर वाहनों की लम्बी कतार लग गयी। दोनों वाहनों को मार्ग से हटवाकर यातायात सुचारु करवाया गया। पुलिस मृतकों के परिजनों से सम्पर्क करने का प्रयास कर रही है।