प्रतापगढ़ में झोपड़ी में चल रही एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो अरेस्ट

0

जयपुर। राजस्थान में प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने हथुनिया थाना क्षेत्र में खेत में बनी झोपड़ी में चल रही मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर 1.60 करोड़ रुपए की ड्रग्स बरामद की और दो तस्करों को गिरफ्तार किया हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रतापगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशन में हथुनिया थाना पुलिस ने असावता-कुलथाना मार्ग पर एक सुनसान खेत
में दबिश दी जहां एक सीमेंट की चद्दरों वाली झोपड़ी में नशीली दवा बनाने का आधुनिक मिनी सेटअप चल रहा था।

पुलिस ने मौके से एक किलो 897 ग्राम अवैध एमडी जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1.60 करोड़ रुपए बताई जा रही है। मौके से ड्रग्स बनाने के उपकरण जैसे इंडक्शन कुकर, मिक्सर, हीटर और इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी बरामद किया गया है।

पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से दो आरोपियों को दबोचा है। गिरफ्तार आरोपियों में मुराद खान पठान (28) निवासी असावता, प्रतापगढ़ और मोहम्मद जुनेद (48) निवासी मेहसाणा, गुजरात शामिल हैं।

पूछताछ में सामने आया है कि ये आरोपी पिछले दो दिन से यहां ड्रग्स तैयार कर रहे थे, वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर जीवन आंजना निवासी प्रतापगढ़ और शरीक उर्फ जेरी निवासी उज्जैन, मध्यप्रदेश फरार होने में कामयाब रहे, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

पुलिस की इस दबिश में न केवल ड्रग्स बल्कि अवैध हथियार भी बरामद हुए हैं। मुख्य आरोपी मुराद खान के कब्जे से एक लोडेड पिस्टल और पांच कारतूस मिले हैं। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक यामाहा मोटरसाइकिल और एक कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मुराद खान पहले से ही हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर मामलों में लिप्त रहा है।