दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने श्रीनाथजी एवं अमरख महादेव मंदिर में किए दर्शन

0

उदयपुर। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को राजस्थान के राजसमंद जिले में स्थित नाथद्वारा में श्रीनाथजी मंदिर एवं उदयपुर के अम्बेरी स्थित प्राचीन श्री अमरख महादेव मंदिर में दर्शन किए।

रेखा गुप्ता ने सुबह राजसमंद जिले के नाथद्वारा पहुंचकर श्रीनाथजी मंदिर में श्रीनाथजी के शृंगार झांकी के दर्शन किए। मंदिर परंपरा के अनुसार उनका स्वागत किया गया। दर्शन के बाद गुप्ता ने मीडिया से कहा कि महाशिवरात्रि पर श्रीनाथजी के चरणों में आकर उन्हें असीम आनंद की अनुभूति हो रही है और राजस्थान की यह मिट्टी साहस, बलिदान और गौरवशाली परंपराओं की गवाह है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट कर कहा कि नाथद्वारा धाम में आज श्रीनाथजी के दर्शन किए। यह वही पावन भूमि है, जहां भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धनधारी स्वरूप ने धर्म, करुणा और संरक्षण का सनातन संदेश दिया। शताब्दियों से यह धाम भक्ति और समर्पण की अखंड ज्योति का केंद्र रहा है।

महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर भगवान शिव का स्मरण इस अनुभूति को और दिव्य बना देता है। श्रीकृष्ण का करुणा स्वरूप और महादेव का तप स्वरूप, दोनों मिलकर सनातन की पूर्णता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद एवं रविन्द्र इन्द्राज, विधायक अनिल शर्मा, राजसमंद की विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी सहित भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के कुछ पदाधिकारी मौजूद थे।

रेखा गुप्ता ने उदयपुर के अम्बेरी स्थित प्राचीन श्री अमरख महादेव मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने इस पर भी पोस्ट कर कहा कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उदयपुर के अम्बेरी स्थित प्राचीन श्री अमरख महादेव मंदिर में देवाधिदेव महादेव की पूजा-अर्चना का सौभाग्य प्राप्त हुआ। यह धाम शताब्दियों से तप, वैराग्य और शिव चेतना का जीवंत केंद्र रहा है।

उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि का यह पावन पर्व आत्मा के भीतर शिवत्व के जागरण का अवसर है। शिव ही शून्य हैं, शिव ही अनंत हैं, और शिव ही वह आधार हैं जहां से सृजन, संतुलन और परिवर्तन का प्रवाह प्रारंभ होता है। देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना है कि उनका आशीर्वाद दिल्ली और समस्त देशवासियों पर बना रहे, और हम सभी को सेवा और लोककल्याण के मार्ग पर अडिग रहने की शक्ति प्रदान करें। इस दौरान रेखा गुप्ता ने राजस्थानी पोशाक पहनी और राजस्थानी संस्कृति में रमी नजर आईं।