नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने बॉलीवुड अभिनेत्री और ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा की खुलकर सराहना की है। थरूर ने कहा कि एक दशक बाद प्रियंका से मुलाकात कर उन्हें बेहद खुशी हुई और यह देखकर अच्छा लगा कि वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार काम कर रही हैं।
दरअसल, शशि थरूर हाल ही में हार्वर्ड इंडिया के वार्षिक समारोह में शामिल हुए थे, जहां उनकी मुलाकात प्रियंका चोपड़ा से हुई। इस सम्मेलन में भारतीय उद्यमी, नीति निर्माता और संस्कृति जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं। थरूर और प्रियंका दोनों ही कार्यक्रम के मुख्य वक्ताओं में शामिल थे।
सोशल मीडिया पर साझा किया खास पल
थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रियंका के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि हार्वर्ड इंडिया सम्मेलन के समापन समारोह में प्रियंका से मिलना बेहद सुखद रहा। उन्होंने लिखा कि यह देखकर अच्छा लगा कि वह शानदार काम कर रही हैं। प्रियंका ने ऐसे मंच पर पहुंचकर भारत को गर्व महसूस कराया है, जहां भारतीयों को बहुत कम अवसर मिलता है। वह बेहद खूबसूरत और समझदार दिख रही हैं।
प्रियंका चोपड़ा ने दिया प्यार भरा जवाब
प्रियंका चोपड़ा ने भी थरूर की इस तारीफ पर विनम्रता से प्रतिक्रिया देते हुए उनका धन्यवाद किया। प्रियंका ने लिखा कि शशि थरूर सर, आपसे दोबारा मिलकर बहुत अच्छा लगा। आपकी शाबाशी के लिए धन्यवाद। मेरे पैनल में रुकने और अपनी समझदारी साझा करने के लिए आपका आभार। उम्मीद है आप जल्द बेहतर महसूस करेंगे और हमारी राहें फिर से मिलेंगी।
प्रियंका ने साझा किए अमेरिका के शुरुआती अनुभव
इस कार्यक्रम के दौरान प्रियंका चोपड़ा ने अमेरिका में बिताए अपने शुरुआती वर्षों और अनुभवों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि जीवन इच्छाओं और अनुभवों का मेल होता है। प्रियंका ने कहा कि कम उम्र में अमेरिका जाना मेरे लिए बहुत बड़ा अनुभव था। शुरुआती अनुभव आपको परिपक्व बनाते हैं और आत्मनिर्भर बनने में मदद करते हैं। अमेरिका में बिताया समय निश्चित रूप से मुझे परिभाषित करता है।
कई दिग्गज हस्तियां हुईं शामिल
हार्वर्ड इंडिया सम्मेलन में तकनीक, वित्त, साहित्य और खेल जगत से जुड़े कई प्रसिद्ध वक्ता मौजूद रहे। इनमें बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु जैसी हस्तियां भी शामिल थीं।
प्रियंका के वर्क फ्रंट की बात करें तो…
प्रियंका चोपड़ा जल्द ही भारतीय सिनेमा में दमदार वापसी करने जा रही हैं। वह मशहूर निर्देशक एसएस राजामौली की आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में दक्षिण सुपरस्टार महेश बाबू और अभिनेता पृथ्वीराज भी अहम भूमिका में होंगे। इसके अलावा प्रियंका आने वाली ओटीटी रिलीज ‘द ब्लफ’ में भी दिखाई देंगी।



