रेलवे में नौकरी के नाम पर 8 करोड़ की ठगी का मास्टरमाइंड गुजरात से अरेस्ट

0

पीलीभीत। पीलीभीत पुलिस ने रेलवे में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना को गुजरात से गिरफ्तार किया है। गिरोह पर लगभग 60 लोगों से करीब आठ करोड़ रुपए की ठगी का आरोप है।

अपर पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल ने सोमवार को बताया कि गिरोह का मास्टरमाइंड शिवशंकर मिश्रा को गुजरात के अंकलेश्वर (जिला भरूच) से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2021 से अपने परिजनों और साथियों के साथ मिलकर इस गिरोह का संचालन कर रहा था।

प्रकरण का खुलासा तब हुआ जब अमरिया थाना क्षेत्र के भूडा निवासी राजकुमार ने 16 सितंबर 2025 को धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने पूर्व में गिरोह के पांच सदस्यों कमलेश कुमार, मोहम्मद मोहसिन, शोएब, रामा यादव और रेखा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी बेटी की कथित रेलवे नियुक्ति से संबंधित फर्जी दस्तावेज दिखाकर बेरोजगार युवकों को विश्वास में लेता था। पुलिस के अनुसार ठगी की रकम में से लगभग 1.50 करोड़ रुपए आरोपी ने अपनी पत्नी, बेटे और बेटी के बैंक खातों में जमा कराए।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब पीड़ित युवक नौकरी न मिलने पर दबाव बनाते थे, तो गिरोह कथित रूप से ‘आरके सिंह’ नामक एक व्यक्ति के माध्यम से उनके खातों में 13 हजार से 45 हजार रुपए तक वेतन के रूप में ट्रांसफर कर देता था, जिससे उन्हें नौकरी लगने का भ्रम बना रहे।

विवेचना के दौरान 23 अन्य पीड़ितों ने भी करीब 2.98 करोड़ रुपए की ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब तक दो लाख रुपए नकद बरामद कर चुकी है तथा अभियुक्तों के 14 बैंक खातों को सीज कराया गया है। मामले में अन्य आरोपियों और कथित अधिकारी की तलाश की जा रही है।