जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को आवारा कुत्तों की नसंबदी एवं टीकाकरण के कार्य के भुगतान के मामले में चार लाख रुपए की रिश्वत लेने के प्रकरण में नगर निगम जयपुर के दो पशु चिकित्सकों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि इस मामले में पशु प्रबंध शाखा में कंप्यूटर ऑपरेटर (संविदाकर्मी) जितेन्द्र सिंह को निगम में पशु चिकित्सा अधिकारी द्वितीय डॉ योगेश शर्मा एवं पशु चिकित्सा अधिकारी प्रथम डॉ राकेश कलोरिया के लिए चार लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस मामले में डा शर्मा एवं डा कलोरिया को भी पूछताछ प्रकरण में गिरफ्तार कर लिया गया।
गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने एसीबी जयपुर नगर-प्रथम, जयपुर ईकाई को शिकायत की कि जयपुर शहर में आवारा कुत्तों के नसबंदी एवं टीकाकरण के लिए आमंत्रित निविदाओं में उसे मिले टेण्डर का कार्य पूर्ण किया जाकर बिल बनाकर नगर निगम हैरिटेज कार्यालय में पेश करने के बाद टेण्डर की शर्ताें के अनुसार कुत्तों की नसबंदी संबंधी गणना एवं बिल फॉरवर्ड करने की ऐवज में डॉ योगेश शर्मा सभी बकाया बिलों के 12 लाख रुपए की रिश्वत मांग रहे है।
परिवादी के कुत्तों की नसबंदी एवं टीकारण के किए गए कार्यों के गत नवम्बर एवं दिसम्बर के बिल बनाकर नगर निगम ग्रेटर में पेश करने के बाद भी डॉ राकेश कालोरिया द्वारा बिलों को फॉरवर्ड करने के लिए दो लाख रूपए प्रति महीना कुल चार लाख रुपए तथा गत एक जनवरी से 3.50 लाख रुपए प्रति महीना के हिसाब से रिश्वत की मांग की जा रही है। दोनों पशु चिकित्सा अधिकारी अपने कार्यालय के कर्मचारी एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर जितेन्द्र सिंह के माध्यम से रिश्वत प्राप्त करना चाह रहे हैं।
इस पर रिश्वत मांग सत्यापन कराए जाने पर दोनों पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा कुल 15 लाख रूपए की मांग करना पाया गया। जिस पर सोमवार को मय ट्रेप टीम के ट्रेप कार्यवाही करते हुए जितेन्द्र सिंह को डॉ शर्मा एवं डॉ कलोरिया के लिए परिवादी से चार लाख रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया साथ ही ब्यूरो के अन्य टीमों द्वारा दोनों पशु चिकित्सा अधिकारियों को हिरासत में ले लिया जिन्हें बाद में पूछताछ प्रकरण में गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में एवं एसीबी के महानिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार के निर्देशन में आरोपियों से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है।



