बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर थाना परिसर से लगभग 100 मीटर दूरी पर एक 17 वर्षीय किशोरी जिंदा जलती हुई मिली। लोगों ने चीखने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना मोहम्मदपुर खाला गांव की है। गांव निवासी मैकू की पुत्री प्रीति (17) दोपहर में घर से शौच के लिए निकली थी। कुछ देर बाद थाने के पीछे स्थित ईंट-भट्ठे के पास उसे आग की लपटों में घिरा देखा गया। आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए आग बुझाई और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूरतगंज पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए हैं। किशोरी ने मोहम्मदपुर खाला चौराहे स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत रहे युवक का नाम लिया है। बताया गया है कि संबंधित युवक फिलहाल पेट्रोल पंप की नौकरी छोड़ चुका है। घटनास्थल से पुलिस को पेट्रोल से भरा एक डिब्बा और पानी की बोतल भी बरामद हुई है। मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि करीब डेढ़ माह पूर्व सियार के हमले में घायल होने के बाद किशोरी के पिता मैकू की मृत्यु हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों का खुलासा जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा।
आपसी विवाद में की बहनोई की हत्या
बाराबंकी जिले में सुबेहा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव के पास स्थित एक ईंट भट्ठे पर आपसी विवाद के दौरान साले ने डंडे से पीटकर अपने बहनोई की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार बिहार प्रांत के किशनगंज जिले के निवासी सूरज कुमार (35) और उनके साले मंगल, जो रायबरेली के गुरुबख्शगंज क्षेत्र का रहने वाला है, मोहम्मदपुर गांव के पास स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे। गुरुवार शाम शराब पीने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ गया।
इसी दौरान मंगल ने सूरज कुमार पर डंडे से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से सूरज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद मजदूरों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और एक कमरे में बंद कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। मजदूरों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।



