यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस-सपा गठबंधन पर सहमति, सीट बंटवारे पर 2-3 दिन में फैसला संभव

0

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने गठबंधन की दिशा में औपचारिक बातचीत शुरू कर दी है। सोमवार को नई दिल्ली में दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर पहली बैठक हुई। बैठक के बाद दोनों पार्टियों के नेताओं ने बातचीत को सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण बताते हुए कहा कि गठबंधन पर सहमति बन चुकी है और सीटों का अंतिम फॉर्मूला अगले दो से तीन दिनों में तय कर लिया जाएगा।

कांग्रेस सांसद एवं सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने बैठक के बाद कहा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विचार सुने हैं। बातचीत का माहौल बेहद अच्छा रहा और अगले दो-तीन दिनों में गठबंधन को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंगलवार को दोनों दलों के प्रतिनिधियों की फिर बैठक होगी।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी बातचीत को सकारात्मक बताते हुए कहा कि दोनों दल एक साथ चुनाव लड़ने को लेकर सहमत हैं। आपसी विश्वास के आधार पर सीटों का समझौता सम्मानजनक तरीके से किया जाएगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने भी उम्मीद जताई कि अगले दो से चार दिनों में सीट बंटवारे की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

कांग्रेस ने सौंपी 131 सीटों की सूची

सीट बंटवारे की बातचीत में कांग्रेस ने अपनी ओर से 131 विधानसभा सीटों की सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी है। कांग्रेस इन सीटों पर चुनाव लड़ने की दावेदारी कर रही है। पार्टी का आधार वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उसका प्रदर्शन और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मिले राजनीतिक समर्थन को बताया जा रहा है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार कांग्रेस की शुरुआती दावेदारी इससे अधिक सीटों पर थी, लेकिन बातचीत के दौरान 131 सीटों की सूची सामने रखी गई। कांग्रेस की कोशिश उन विधानसभा क्षेत्रों में भी अपनी दावेदारी मजबूत करने की है, जहां पार्टी का संगठन और चुनावी प्रदर्शन बेहतर रहा है।

जीत की संभावना को बनाया जाएगा आधार

समाजवादी पार्टी की ओर से सीटों के बंटवारे में केवल संख्या के बजाय प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवार की जीत की संभावना को प्राथमिकता देने की बात कही गई है। पार्टी नेतृत्व संबंधित सीटों पर दोनों दलों की संगठनात्मक स्थिति, पिछले चुनावों के परिणाम, स्थानीय समीकरण और संभावित उम्मीदवारों की स्थिति का आकलन करेगा।

सपा की ओर से रामगोपाल यादव के नेतृत्व में बातचीत के लिए समिति बनाई गई है। इसमें प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन शामिल हैं। कांग्रेस की ओर से प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, इमरान मसूद और सांसद प्रमोद तिवारी बातचीत में शामिल रहे।

2024 के लोकसभा चुनाव के बाद गठबंधन को आगे बढ़ाने की तैयारी

गौरतलब है कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन इंडिया के तहत मिलकर चुनाव लड़ा था। दोनों दलों के बीच उस चुनाव में सीटों का तालमेल रहा और अब विधानसभा चुनाव में भी इसी राजनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की तैयारी है। हालांकि वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था।

उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं। ऐसे में दोनों दलों के सामने सीटों का ऐसा बंटवारा तय करने की चुनौती है, जिसमें दोनों की राजनीतिक और संगठनात्मक दावेदारियों के बीच तालमेल बैठ सके।

फिलहाल सोमवार की बैठक में गठबंधन को लेकर सकारात्मक सहमति सामने आई है, लेकिन सीटों की संख्या और निर्वाचन क्षेत्रों का अंतिम बंटवारा बाकी है। मंगलवार को होने वाली अगली बैठक को इस दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।