रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन और उज्जैन जिलों से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जिसमें लगभग 350 किलोमीटर की दूरी पर रह रहे प्रेमी-प्रेमिका ने एक ही समय पर आत्महत्या कर ली। घटना ने दोनों जिलों में सनसनी फैला दी है।
पुलिस के अनुसार रायसेन जिले के उदयपुरा क्षेत्र के ग्राम चिल्ली सिलारी में रह रही 23 वर्षीय साक्षी धाकड़ ने शनिवार सुबह करीब छह बजे अपने नाना के घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। साक्षी मूलतः सिलवानी क्षेत्र की निवासी थी, लेकिन बचपन से अपने नाना के पास रह रही थी।
इसी बीच उज्जैन जिले के पवासा थाना क्षेत्र से सूचना मिली कि ग्राम बनखेड़ी निवासी 26 वर्षीय ऋषभ मीणा ने उज्जैन के केसर बाग क्षेत्र में फांसी लगाकर जान दे दी। ऋषभ एक सड़क निर्माण कंपनी में देखरेख का कार्य करता था।
उदयपुरा थाना प्रभारी जसवंत सिंह काकोडिया के अनुसार प्रारंभिक जांच में दोनों मामलों की कड़ियां आपस में जुड़ी पाई गई हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि शुक्रवार रात दोनों के बीच लगातार चैटिंग होती रही और शनिवार सुबह लगभग छह बजे ऋषभ ने साक्षी को अंतिम कॉल किया। इसके बाद उसने मोबाइल फोन फ्लाइट मोड पर डाल दिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आत्महत्या से पहले ऋषभ ने कई प्रयास किए। उसने पहले हाथ की नस काटने की कोशिश की, फिर चाकू से गला रेतने का प्रयास किया और अंततः फांसी लगाकर जान दे दी।
पवासा पुलिस द्वारा मोबाइल की जांच में साक्षी के फोटो और दोनों के बीच लंबी बातचीत के प्रमाण मिले हैं। कॉल डिटेल और लोकेशन से उनके बीच गहरे प्रेम संबंध की पुष्टि हुई है। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।



