अलवर। राजस्थान के अलवर में अरावली विहार थाना क्षेत्र में रविवार को एक कार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई और उसका मौसेरा भाई घायल हो गया।
पुलिस सूत्रोंं ने बताया कि सचिन मीना निवासी परवैणी अलवर रूपबास क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। उसका भाई आशीष मीना भी उसी के साथ रहता था। दोनों तड़के किसी विवाह समारोह में कैटरिंग के काम से लौट रहे थे कि जगन्नाथ मंदिर के पास एक कार ने उन्हें चपेट में ले लिया जिससे सचिन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि घायल को आसपास मौजूद लोगों ने अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर भेज दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।



