अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के थानागाजी थाना क्षेत्र में जयपुर मार्ग पर देव होटल के सामने रविवार को देर रात पिकअप की चपेट में आने से मोटर साइकिल पर सवार दो युवकों की मौत हाे गई।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि थानागाजी कस्बा निवासी राहुल और इन्द्र कुमार मोटर साइकिल से ससुराल से थानागाजी आ रहे थे। रास्ते में घाटा मोड़ के पास देव होटल के सामने विपरीत दिशा से आ रही एक पिकअप ने एक ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में मोटर साइकिल को चपेट में ले लिया। इससे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों का सरकारी अस्पताल में आज पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद परिजनों को समझाकर शव उन्हें सौंप दिए। पुलिस ने बताया कि इस मामले में सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। शीघ्र ही गाड़ी जब्त करके चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।



