वयोवृद्ध माकपा नेता एवं पूर्व विधायक हेतराम बेनीवाल का निधन

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान के वरिष्ठ किसान-मजदूर नेता, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पूर्व विधायक हेतराम बेनीवाल का सोमवार रात निधन हो गया। वे करीब 94 वर्ष के थे और लंबे समय से अस्वस्थ थे। उन्होंने श्रीगंगानगर के एक निजी अस्पताल में रात करीब सवा ग्यारह बजे अंतिम सांस ली। विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक तथा किसान-मजदूर संगठनों ने उन्हें जन संघर्षों का सच्चा योद्धा और संघर्ष का पर्याय बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

बेनीवाल का जन्म पंजाब के सुखचैन में हुआ था। उन्होंने बीकानेर के डूंगर कॉलेज से स्नातकोत्तर (एमए) की शिक्षा प्राप्त की। वह 1990 में संगरिया विधानसभा क्षेत्र से माकपा की टिकट पर राजस्थान विधानसभा के सदस्य चुने गए। वह राजस्थान सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस(सीटू) के महामंत्री और माकपा के गंगानगर जिला प्रांतीय सचिवालय सदस्य रहे। उन्होंने घड़साना किसान आंदोलन सहित अनेक जन-आंदोलनों का नेतृत्व किया। वह संघर्षों के दौरान लगभग छह वर्ष जेल में भी रहे।