दिल्ली के तिलक नगर में किशोरों के बीच झड़प में एक किशोर की मौत

0

नई दिल्ली। दिल्ली के तिलक नगर में तीन किशोरों के साथ हिंसक झड़प के दौरान कथित तौर पर 15 वर्षीय एक लड़के की गर्दन टूट गई, जिससे उसकी मौत हो गई। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

यह घटना सोमवार शाम को एक स्थानीय पार्क में क्रिकेट मैच के बाद हुए विवाद के बाद घटित हुआ। पुलिस ने कहा कि झगड़ा तब शुरू हुआ जब पीड़ित का एक अन्य 12 वर्षीय प्रतिभागी के साथ विवाद हो गया। विवाद हाथापाई में बदल गया। 12 वर्षीय लड़का घर लौटा और अपने 17 और 13 वर्षीय चचेरे भाइयों को के साथ वापस लौटकर कथित तौर पर पीड़ित की तलाश करने लगे।

शाम लगभग 7:22 बजे, तीनों ने इलाके में किशोर को पकड़ लिया। इसके बाद हुई हाथापाई में उसके गले और सिर में चोटें आईं और वह बेहोश हो गया। परिजनों ने स्थानीय निवासियों की मदद से उसे तुरंत दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के आधार पर तिलक नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और तीनों किशोरों को हिरासत में ले लिया गया है। मृतक निशांत के परिवार में उसके माता-पिता और तीन भाई हैं। उसके पिता पास में ही चाय की दुकान चलाते हैं।
मृतक की मां ज्योति ने बताया कि उन्होंने मेरे बेटे की गर्दन तोड़ दी। बच्चे लड़ते हैं, लेकिन यह बहुत आगे निकल गया, उन्होंने उसे मार डाला। जब हम पुलिस के पास गए, तो उन्होंने हमारी बात नहीं सुनी और यहां तक कि हमें पीटा और हमारे कुछ रिश्तेदारों को हिरासत में ले लिया।

पीड़ित की चाची रचना ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि पुलिस उनके परिवार को परेशान कर रही है और प्राथमिकी की प्रति भी उपलब्ध नहीं कराई गई है। किशोर के चाचा रिंकू ने बताया कि हमलावर लड़के की तलाश में उनके घर आए थे। उन्होंने बताया कि पहले हमने सोचा कि यह बच्चों के बीच मामूली झगड़ा है, लेकिन बाद में पता चला कि उसकी मौत हो गई है।

पार्क में मौजूद मृतक के भाई ने बताया कि जब वह वहां पहुंचा तो उसका भाई बेहोश था, उसके गले पर सूजन थी और चेहरे पर चोट के निशान थे। इस घटना के बाद इलाके में तनाव है। पीड़ित परिवार ने पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।