अमेठी। उत्तर प्रदेश में अमेठी के बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुई शाहिद की हत्या का बुधवार को पुलिस ने सनसनी खेज खुलासा किया है।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी ने स्वीकार किया कि मृतक का उसकी बहन से बातचीत करना उसे नागवार गुजरा था। इसी रंजिश में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर तलवार से हमला कर युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त तलवार, मृतक का मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार जिले के थाना बाजार शुक्ल भारत गैस एजेंसी के पास मंगलवार को साहिल 30 लगभग पुत्र शरीफ निवासी शुकुल बाजार कस्बा का खून से लतपथ शव पड़ा मिला था। पुलिस ने उपरोक्त मामले में सुहेल निवासी पूरे लोहांगी मजरे दक्खिनगांव क्यार और अभिषेक पाल निवासी ग्राम मवैया रहमतगढ़ को गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्त सुहेल के कब्जे से एक मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल (एचएफ डीलक्स) बिना नंबर प्लेट व अभियुक्त अभिषेक पाल के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। अभिषेक के पास मोटरसाइकिल का कागज भी नहीं था।
पूछताछ में अभियुक्त सुहेल ने बताया कि उसकी बहन से शाहिद (मृतक) बातचीत करता था। इसी रंजिश के कारण उसने अपने साथी अभिषेक पाल व एक अन्य साथी के साथ मिलकर तलवार से शाहिद की हत्या कर दिया।



