भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में मालोला गांव के समीप शुक्रवार सुबह खेत की मेड़ पर एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। गांधीनगर थाना क्षेत्र में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक परिस्थितियों के आधार पर व्यक्ति की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मालोला निवासी कमलसिंह दरोगा (37) के रूप में हुई है। वह 24 नवंबर से लापता था। परिजनों ने उसकी तलाश के बाद 26 नवंबर को पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी थी।
शुक्रवार सुबह खेत के पास शव मिलने की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शव की हालत काफी क्षत-विक्षत थी। आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला किया गया। वहीं, खेत में शव पड़े रहने के दौरान जंगली जानवरों ने चेहरे और एक हाथ को क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा मृतक की पहचान की पुष्टि की। पुलिस मृतक के लापता होने की परिस्थितियों, घटना के संभावित कारणों और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों और हत्या की पुष्टि जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगी।



