भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के रूपवास थाना क्षेत्र में गुरुवार को ग्रामीणों ने एक शराब के गोदाम में आग लगा दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिनउआ और जरेला गांव के पास शराब के गोदाम का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने अपराह्न इसमें आग लगा दी। इससे करीब 15 लाख रुपये की शराब नष्ट हो गयी। गोदाम में बैठे कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। गोदाम में आग लगाने के बाद ग्रामीण मौके से फरार हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि लाठी डंडे से लैस जरेला गांव की करीब 50 महिलाओं और ग्रामीणों ने गोदाम की शटर और जालियों को तोड़ने की कोशिश करते हुए गोदाम के ऊपर रखे छप्पर में आग लगा दी। कुछ देर बाद आग गोदाम के अंदर पहुंच गई।
गोदाम के कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश कि लेकिन, आग पर काबू नहीं पाया जा सका। आग में शराब के साथ गोदाम में रखे डिफ्रिजर सहित अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गया। गोदाम सतीश कुमार जैसवाल के नाम से बताया गया है। शराब के इस गोदाम का ग्रामीण लम्बे समय से विरोध करते हुए इसे हटाने की मांग करते आ रहे हैं।
आगजनी के मामले में महिलाएं हिरासत में, ग्रामीणों में आक्रोश
रूपवास थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस ने शराब के एक खोखानुमा गोदाम में आग लगने के मामले में पुलिस ने कई महिलाओं को हिरासत में लिया जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। सूत्रों ने बताया कि बिनउआ और जरेला गांव के पास दोपहर में शराब का गोदाम बताये जा रहे एक खोखानुमा लोहे के कन्टेनर में आग लग गई। इससे करीब 15 लाख रुपए की शराब नष्ट हो गई। इस मामले में पुलिस ने कई महिलाओं को हिरासत में लिया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
ग्रामीणों ने गोदाम में लगी आग की घटना के लिए उनका किसी भी तरह का कोई सरोकार होने से इनकार करते हुए ठेका कर्मचारियों को आगजनी के लिए जिम्मेदार बताया है। ग्रामीणों ने कहा है कि उन्होंने आग नहीं लगाई और यह घटना ठेका कर्मचारियों की ओर से की गई है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि खोखेनुमा लोहे के कंटेनर में संचालित इस शराब के ठेके का ग्रामवासियों की तरफ से किये जा रहे विरोध को रोकने के लिए शराब ठेकेदार ने आगजनी करके ग्रामीणों को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रची है।
शराब ठेकेदार के अनुसार इस आगजनी में उसकी करीब 15 लाख की शराब आग की भेंट चढ़ गई। महिलाओं को हिरासत में लिए जाने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमे ठेकाकर्मियों की मौजूदगी में पुलिस की तरफ से महिलाओं के साथ जोरजबरदस्ती एवं नोकझोंक होती नजर आ रही है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से कार में सवार दो लोग घायल
भरतपुर के हलैना थाना क्षेत्र में आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 पर गुरुवार को अवैध बजरी ले जा रहे ट्रैक्टर से एक कार के टकराने से दो लोग घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दोपहर में हलैना चौराहे पर अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली ने गोवर्धन परिक्रमा लगाकर जयपुर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार को टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार नम्रता जोशी ओर दिनेश गुप्ता घायल हो गए, जबकि कार में सवार अन्य परिजन कार के एयरबैग खुलने से बच गए।
पुलिस ने बताया कि घायलों को हलैना अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनके परिजनों के साथ जयपुर रवाना कर दिया गया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया।



