आगरा में टोल कर्मी से मारपीट में विधायक बाबूलाल चौधरी के पुत्र के खिलाफ मुकदमा

0

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में टोल कर्मी से मारपीट के मामले में भारतीय जनता पार्टी विधायक बाबूलाल चौधरी के पुत्र सुरेंद्र चौधरी के खिलाफ थाना अछनेरा में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि रायभा टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारी राजवीर सिंह ने 27 फरवरी की देर रात सुरेंद्र चौधरी के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई। आरोप है कि 24 जनवरी को सुरेंद्र चौधरी विधायक लिखी गाड़ी से टोल पर पहुंचे और बैरियर तत्काल खोलने का दबाव बनाने लगे।

टोल कर्मी राजवीर सिंह द्वारा यह पूछे जाने पर कि वे किस विधायक से संबंधित हैं, कथित तौर पर विवाद बढ़ गया। एफआईआर के मुताबिक सुरेंद्र चौधरी ने टोल कर्मी के साथ लात-घूंसों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही उसके परिजनों को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का आरोप है।

घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया।
पीड़ित राजवीर सिंह ने एफआईआर में आशंका जताई है कि यदि उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी विधायक बाबूलाल चौधरी और उनके पुत्र सुरेंद्र चौधरी की होगी।