चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विधानसभा में 2,23,658.17 करोड़ रुपए का बजट पेश किया जो पिछले वर्ष की तुलना में 10.28 प्रतिशत अधिक है।
मुख्यमंत्री ने बजट भाषण की शुरुआत गुरु नानक देव के सिद्धांत किरत कर नाम जप वंड छक से की। सैनी के पास वित्त मंत्रालय का प्रभार भी है। केसरिया पगड़ी पहनकर पहुंचे मुख्यमंत्री ने करीब तीन घंटे 10 मिनट तक बजट भाषण पढ़ा। बजट में घोषणा की गयी कि प्रदेश में एग्री डिस्कॉम नाम से नया बिजली निगम बनाया जाएगा, जिसके तहत किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। नए जिले हांसी को आधुनिक जिले के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज 50 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदेगा। ये बसें गुरुग्राम और चंडीगढ़ से कटरा, सालासर, खाटूश्याम, हरिद्वार और अमृतसर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक चलेंगी।
महिलाओं को प्रोत्साहन देते हुए घोषणा की गई कि यदि कोई महिला अपने नाम पर वाहन खरीदती है, तो उसे टैक्स में एक प्रतिशत की छूट मिलेगी। पुलिस भर्ती में अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव रखा गया है और अगले वर्ष 1300 अग्निवीरों की विशेष भर्ती की जाएगी।
दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाते हुए 25 सितंबर 2026 से उन परिवारों को भी लाभ देने की घोषणा की गई है, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपए तक है। इस योजना के लिए 6,500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।




