नितिन नवीन राज्य सभा चुनावों के लिए भाजपा उम्मीदवार होंगे

0

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन को राज्य सभा चुनावों के लिए उम्मीदवार बनाया है। विभिन्न राज्यों में होने वाले राज्य सभा के द्विवार्षिक चुनाव, 2026 के लिए पार्टी ने अपने 9 उम्मीदवारों की घोषणा की है, जिसमें नवीन का नाम भी शामिल है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार को राज्यसभा चुनावों के लिए पार्टी ने बिहार से उम्मीदवार बनाया है।

पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने असम से दो प्रत्याशियों तेराश गोवाला और जोगेन मोहन के नाम पर मुहर लगाई है। छत्तीसगढ़ से भाजपा ने लक्ष्मी वर्मा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। हरियाणा से भाजपा ने संजय भाटिया को राज्य सभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है। ओडिशा से मनमोहन सामल और सुजीत कुमार पार्टी प्रत्याशी होंगे।

भाजपा ने पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा को राज्य सभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक संतुलन और राजनीतिक रणनीति को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन किया गया है।