श्रीगंगानगर में युवती से गैंगरेप के आरोप में दो युवक अरेस्ट

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के नयी मंडी घड़साना थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो युवकों को एक युवती से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी देवीलाल सहारण ने गुरुवार को बताया कि पीड़िता ने मामला दर्ज कराते हुए बताया कि मंगलवार शाम को हरप्रीतसिंह ने उसे बस अड्डे के पास बुलाया।

वहां से वह अपने दोस्त सुखवंत सिंह के साथ मोटरसाइकिल से एक होटल में ले गया, जहां उसे नशीला कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उससे दुष्कर्म किया। बाद में वह होश में आकर अपने घर पहुंची और बुधवार को परिवार के साथ थाने में मामला दर्ज गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों हरप्रीत सिंह और सुखवंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता का मेडिकल करवाया गया। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाई गई थी।

बाइक स्टेट हाईवे के साइड सेफ्टी गार्डर से टकराई, युवक की मौत

श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि अमरचंद उर्फ टीनू जाट (26) मोटरसाइकिल से मंगलवार शाम को सूरतगढ़-अनूपगढ़ राजकीय राजमार्ग पर जा रहा था कि 59 जीबी में मल्ली गैस एजेंसी के पास उसने अचानक सामने आए एक पशु से बचने का प्रयास किया तो मोटर साइकिल लोहे के सेफ्टी गार्डर से टकरा गई, जिससे उसे गंभीर चोट लगी। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।