अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में अवैध संबंधों के विरोध से नाराज पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसके प्रेमी की तलाश की जा रही है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी मंडी धनौरा अंजलि कटारिया ने शुक्रवार को बताया कि गजरौला थाना क्षेत्र के गंगा के टापू में बसे गांव दारानगर निवासी ओमपाल सिंह (35) पुत्र महावीर सिंह की हत्या का मामला सामने आया है। ओमपाल किसान परिवार से थे और खेती-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
उन्होंने बताया कि ओमपाल की शादी करीब 13 वर्ष पहले हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के गंगा खादर गांव निवासी कल्लो से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे रविकांत और बादल तथा एक बेटी साक्षी है। पुलिस के अनुसार कल्लो के थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव सिकंदराबाद निवासी बबलू से काफी समय से अवैध संबंध थे, जिसका ओमपाल विरोध करता था। इसको लेकर दंपति के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। होली के दिन चार मार्च को रंग खेलने के दौरान बबलू और ओमपाल के बीच कहासुनी भी हुई थी, जिसके बाद ओमपाल ने बबलू को वहां से भगा दिया था।
आरोप है कि इसके बाद पांच मार्च की रात कल्लो ने अपने प्रेमी बबलू को घर बुलाया और दोनों ने मिलकर ओमपाल का गला दबाकर हत्या कर दी। घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपियों ने शव को पंखे से लटका दिया। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के भाई जोगेश कुमार ने छह मार्च को गजरौला थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने कल्लो और बबलू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
क्षेत्राधिकारी अंजलि कटारिया ने बताया कि जांच के बाद आरोपी पत्नी कल्लो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि नामजद आरोपी बबलू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा छापेमारी की जा रही है।



