चित्तौड़गढ़। राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार स्थित मेवाड़ विश्वविद्यालय में नर्सिंग मान्यता नहीं होने को लेकर एक महीने से आंदोलन कर रहे कश्मीरी छात्रों ने सोमवार को खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की जिस पर वहां बवाल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पिछले एक महीने से विश्वविद्यालय परिसर में आंदोलन कर रहे 30 कश्मीरी छात्र सोमवार को उग्र हो गए और कुछ छात्रों ने खुद पर पेट्रोल उडेलकर आत्मदाह का प्रयास किया, जिन्हें मौके पर मौजूद पुलिस ने पकड़ लिया। इसके बाद वहां अफरातफरी और तनाव के हालात बन गए और छात्र पुलिस से भिड़ गए।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने हालात काबू में किए और 17 छात्रों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि बाद में गंगरार थाने पर छात्रों के विरुद्ध राजकार्य में बाधा डालने एवं आत्महत्या की कोशिश का मामला पुलिस ने दर्ज करवाया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं बताई गई है, लेकिन छात्रों को गंगरार थाने में बिठा रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि एक महीने से 30 कश्मीरी एवं चार अन्य छात्र इस बात को लेकर आंदोलन कर रहे हैं कि विश्वविद्यालय के पास नर्सिंग डिप्लोमा कोर्स की मान्यता नहीं होने के बावजूद छात्रों को प्रवेश यह कहकर दिया कि मान्यता की फाइल लगा रखी है और हो जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मान्यता नहीं मिलने का आरोप सरकार पर लगा दिया और एक महीने पूर्व आंदोलन की शुरुआत में हुए भारी बवाल, तोड़फोड़ और पत्थरबाजी के बाद छात्रावास में रह रहे तीन हजार बाहरी छात्रों को रवाना करने के साथ परीक्षाएं भी रद्द कर दी थी।



