खैरथल तिजारा। राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के किशनगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को भारत-न्यूजीलैंड के बीच हुए क्रिकेट मैच के दौरान भारत की जीत का जश्न मनाने को लेकर हुए झगड़े में एक युवती गोली लगने से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाधोड़ा घुमकड़ गांव में भजन सिंह अपने परिवार के साथ रात में नेटवर्क नहीं आने पर अपने घर की छत पर मैच देख रहे थे। जब वे बुमराह के विकेट लेने पर खुशी जाहिर कर रहे थे, तभी पड़ोसी ने गाली दी और उन्हें खुशी मनाने से रोका। इस पर झगड़ा हो गया।
सूत्रों ने बताया कि कुछ ही देर बाद एक विशेष समुदाय के लोगों ने उनके परिवार पर लाठियों और फरसे से हमला कर दिया। उन्होंने गोली भी चलाई, जिसके छर्रे घर में मौजूद 30 वर्षीय भजनो बाई के सिर में लगे। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
उन्हें तुरंत किशनगढ़ बास अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय भेज दिया गया। इस दौरान घर का एक अन्य सदस्य भी घायल हुआ है। पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत पुलिस को की है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।



