सोनभद्र। उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपने पिता पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़िता ने आरोप लगाया कि रविवार शाम उसके पिता उसे दवा दिलाने के बहाने घर से ले गए थे। रास्ते में चोपन थाना क्षेत्र के बग्घानाला के पास सुनसान वन क्षेत्र में ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए।
आरोपी की पहचान करीब 50 वर्षीय गंगा दयाल यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के कैमूर (भभुआ) जिले के गौरा थाना क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में सोनभद्र के रामगढ़ थाना क्षेत्र में काली मंदिर के पास रहकर ओबरा इलाके में गल्ला बेचने का काम करता है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के छह बच्चे हैं और पीड़िता की मां का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर चोपन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।



