टटीरी गीत विवाद महिला आयोग सख्त बादशाह की गिरफ्तारी के निर्देश

0

पंचकूला/पानीपत। टटीरी गीत को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। बॉलीवुड सिंगर-रैपर बादशाह को हरियाणा महिला आयोग ने समन का पालन न करने पर गिरफ्तार करने और उनका पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश दिए हैं।

हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने पंचकूला और पानीपत के पुलिस अधीक्षक को निर्देश देते हुए कहा है कि बादशाह को देश से बाहर जाने से रोका जाये और उनके खिलाफ तुरंत आवश्यक कार्रवाई की जाए। आयोग की अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा तथा सम्मान की रक्षा के लिए आयोग अब सख्त कदम उठाएगा।

सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को आयोग ने बादशाह को पानीपत में पेश होने के लिए तलब किया था, लेकिन वह आयोग के समक्ष उपस्थित नहीं हुए। उनके वकीलों ने पेशेवर व्यस्तताओं का हवाला देते हुए अगली तारीख देने का अनुरोध किया और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपना पक्ष रखने की अनुमति
भी मांगी।

गौरतलब है कि आयोग ने ‘टटीरी’ गाने के बोल और वीडियो में महिलाओं के चित्रण को आपत्तिजनक मानते हुए छह मार्च को बादशाह को नोटिस जारी किया था। इसके बाद आयोग ने पानीपत के एसपी को लिखित शिकायत भेजकर आदेश की अवहेलना पर कानूनी कार्रवाई करने को कहा।

बताया जा रहा है कि हाल ही में रिलीज हुए इस गाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है और इस पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी देखने को मिली है। आरोप है कि गाने के बोल और वीडियो में महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी और दृश्य दिखाये गये हैं। वीडियो के एक हिस्से में हरियाणा रोडवेज की बस की छत पर महिलाओं के साथ डांस करते हुए दृश्य भी दिखाए गए हैं, जिस पर भी आपत्ति जताई गई है।

लगातार बढ़ते विवाद के बीच महिला आयोग ने कड़ा रुख अपनाते हुए बादशाह की गिरफ्तारी कर उन्हें आयोग के समक्ष पेश करने और उनका पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश जारी किए हैं।