पीलीभीत। उत्तर प्रदेश में पीलीभीत के घुंघचिहाई क्षेत्र में पुत्र की लालसा में ढोंगी बाबा के पास गई विवाहिता दुष्कर्म का शिकार हो गई। पुत्र के जन्म होने की दवा देने के बहाने आरोपी बाबा विवाहिता को अपने रिश्तेदार के घर ले गया और फिर दुष्कर्म किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है।
घुंघचिहाई थाना पुलिस के अनुसार क्षेत्र के एक ग्रामीण ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी 23 वर्षीय पत्नी को सास के साथ ग्राम बलरामपुर निवासी बाबा भगवानदीन पुत्र पूरनलाल के पास घर पर लेकर गए थे। पत्नी को पुत्र की प्राप्ति होने का झांसा देते हुए आरोपी ने दवा देने की बात कही थी।
आरोप है कि 11 मार्च को आरोपी पूजा पाठ कराने के बाद दवा देने के बहाने परिवार को ग्राम बिलंदपुर अशोक में वीर सहाय के घर लेकर गया। वहां परिवार के सदस्यों को घर के बाहर कर दिया। पीड़ित की पत्नी को कमरे में ले जाकर दवा देने के बहाने जबरन दुष्कर्म किया। किसी तरह पीड़िता को बचाकर वह लाए। पुलिस मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुटी है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी पूरनपुर डॉ. प्रतीक दहिया ने मीडिया को बताया कि दुष्कर्म के इस प्रकरण में पुलिस ने बीएनएस की धारा 64/1 भारतीय न्याय संहिता की धारा के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी भगवान दीन को हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी चार-पांच साल से दवा देता था। आरोपी विवाहित है। फील्ड यूनिट टीम को भी घटनास्थल पर बुलाकर सुरागरसी की गई। हिरासत में ले लिए गए आरोपी से पुलिस पूंछताछ कर रही है।



