भिंड में तानों से तंग आकर कैंसर पीडित छोटे भाई ने की बडे की हत्या

1

भिंड। मध्यप्रदेश के भिंड जिले में गत 11 मार्च को मिले कृष्णकांत पाराशर के शव के मामले में पुलिस ने आज खुलासा करते हुए मृतक के कैंसर पीड़ित नाबालिग छोटे भाई और उसके दोस्त अरमान खान को गिरफ्तार किया है।

मृतक का छोटा भाई लंबे समय से कैंसर से पीड़ित है और हाल ही में मुंबई से कीमोथेरेपी कराकर लौटा था। उसके इलाज के लिए परिवार को करीब 60 लाख रुपए की संपत्ति बेचनी पड़ी थी, जिससे घर में लगातार तनाव बना रहता था। बेटे की बीमारी और आर्थिक बोझ की चिंता में पिता बीमार रहने लगे और फरवरी में उनका निधन हो गया था।

परिजन के अनुसार कृष्णकांत अक्सर छोटे भाई की आदतों और इलाज पर हुए खर्च को लेकर उसे ताना देता था, जिससे छोटा भाई आहत था। मुंबई से लौटने के बाद उसने अपने दोस्त अरमान खान के साथ मिलकर बड़े भाई को सबक सिखाने की साजिश रची।

अरमान अपने साथ दो देसी कट्टे और कारतूस लेकर आया। 11 मार्च को छोटे भाई ने कृष्णकांत को फोन कर मिलने बुलाया और जब वह जा रहा था तब जामपुरा रेलवे लाइन के पास रोक लिया। बहस के बाद हाथापाई के दौरान नाबालिग ने फायर किया, लेकिन गोली नहीं लगी, जिसके बाद अरमान ने गोली चला दी और कृष्णकांत की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद दोनों आरोपी शव को छोड़कर मुरैना भाग गए। पुलिस को सूचना मिली कि दोनों फूप कस्बे के पास छिपे हुए हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया और उनके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए दोनों देसी कट्टे भी बरामद कर लिए। चंदूपुरा गांव निवासी कृष्णकांत का शव मिलने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने से मौत की पुष्टि हुई थी।

पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव ने बताया कि खुलासे के लिए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में छोटा भाई दोस्त के साथ जाता दिखा और घर से गायब मिला जिसके बाद दोनों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार आरोपी अरमान खान के पिता हसरत खान की 20 साल पहले हत्या हुई थी, जिसका आरोप कृष्णकांत के चाचा अशोक पाराशर पर था। उसने यह भी कहा कि वह अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए कृष्णकांत के चाचा की तलाश में था।