श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाना क्षेत्र में सोमवार को भारतमाला एक्सप्रेस राजमार्ग पर पुलिस ने एक ट्रक से 10 किलो अफीम बरामद करके चालक और परिचालक को गिरफ्तार किया।
बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि आज तड़के नाकाबंदी के दौरान पुलिस के विशेष दल ने एक ट्रक को रोका, जिसमें प्लाईवुड भरा था। ट्रक की तलाशी लेने पर इसमें 10 किलो 700 ग्राम अफीम और पांच किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। इनकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी जा रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक और परिचालक सुरेंद्र बिश्नोई (30) और शिवकुमार (55) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों हरियाणा के सिरसा जिले के गंगा गांव, मंडी डबवाली के निवासी हैं।



