सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में मानसिक रोगी महिला से रेप, सफाई कर्मी अरेस्ट

0

इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले स्थित सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती एक मानसिक रोगी महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के करीब पांच माह की गर्भवती पाए जाने पर घटना का खुलासा हुआ। पुलिस ने नामजद आरोपी संविदा सफाई कर्मी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस उपाधीक्षक रामगोपाल शर्मा ने गुरुवार को बताया कि मानसिक रोग विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर अरुण कुमार मिश्रा की तहरीर पर सैफई थाने में आरोपी सफाई कर्मी रविंद्र कुमार बाल्मिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि 38 वर्षीय अज्ञात महिला को जून 2025 में मानसिक रोग विभाग में भर्ती कराया गया था। महिला बोलने, सुनने एवं समझने में अक्षम है और लंबे समय से उपचाराधीन थी। 17 मार्च 2026 को नियमित जांच के दौरान उसके गर्भवती होने की जानकारी सामने आई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम फोरेंसिक दल के साथ मौके पर पहुंची और वार्ड का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित वार्ड के स्टाफ को हटाकर अन्यत्र तैनात किया गया है तथा आंतरिक जांच के लिए समिति गठित की गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विश्वविद्यालय में सफाई कार्य देख रही एक निजी फर्म के अधीन कार्यरत सफाई कर्मी द्वारा महिला के साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी एवं ड्यूटी प्रबंधन सहित सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।