भोपाल में महिला सिक्योरिटी गार्ड से रेप, ब्लैकमेलिंग के आरोपी पर केस दर्ज

1

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र में एक महिला सिक्योरिटी गार्ड से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी पीड़िता का समधी बताया गया है, जिसने उसे ब्लैकमेल कर झूठा मामला दर्ज कराने के लिए दबाव भी बनाया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार करीब 45 वर्षीय पीड़िता निजी एजेंसी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है। आरोपी, जो उसकी बहू का पिता है, पिछले लगभग आठ महीनों से उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था। आरोप है कि वह महिला पर एक सिक्योरिटी एजेंसी संचालक के खिलाफ झूठा दुष्कर्म और अन्य मामलों में फंसाने के लिए दबाव बना रहा था।

बताया गया है कि आरोपी ने पीड़िता को शादी का प्रस्ताव भी दिया और कहा कि उसका पति जेल से नहीं छूटेगा। इसी दौरान उसने महिला से पैसे लाने और उसे देने के लिए भी दबाव डाला। साथ ही एजेंसी संचालक के साथ विवाद कर उसे झूठे मामले में फंसाकर धन वसूलने की योजना बनाने की बात कही।

पीड़िता ने आरोपी की हरकतों से परेशान होकर मिसरोद थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।