भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है, जहां दादा ने अपनी ही सगी पोती के साथ अश्लील हरकतें कर दुष्कर्म का प्रयास किया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी भदोही अशोक कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के सरोई बाजार क्षेत्र के एक गांव के 60 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी ही लगभग साढ़े पांच वर्षीय सगी पोती के साथ अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़ित बच्ची के पिता की तहरीर पर वादी के पिता के विरुद्ध पाक्सो एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
बताया जाता है कि सरोई बाजार के समीप एक गांव निवासी ने गत 16 मार्च को अपनी साढ़े पांच वर्षीय पोती के साथ अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। इस दौरान बच्ची के चीखने चिल्लाने पर पहुंचे पड़ोसियों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
पीड़ित मासूम के पिता ने अपने ही पिता के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बच्ची की मां कामकाज के सिलसिले में घर से बाहर निकल गई थी। इसी दौरान घर में सूनसान होने का फायदा उठाकर उसके पिता ने घटना को अंजाम दिया।



